800 क्विंटल बेसन, 1000 क्विंटल आटा, 1250 टिन घी...राजस्थान की सबसे बड़ी शादी में पहुंचेगे 5 लाख मेहमान

punjabkesari.in Friday, May 26, 2023 - 03:12 PM (IST)

राजस्थान में एक बहुत बड़ी शादी चर्चा में बनी हुई है, इस शादी को देखने के लिए गिनिज बुक वाले भी पहुंच गए हैं। यह शादी इसलिए भी खास है क्योंकि यहां 2222 वर वधु के जोड़ें एक साथ विवाह के बंधन में बंधेगे। इन जोडों में 111 मुस्लिम भी हैं जिनका काजी निकाह करवाएंगे। इस नजारे को देखने के लिए शहर तथा आसपास के इलाकों से भी सुबह- शाम लोगों का हुजूम उमड़ रहा है।


कम समय में एक साथ एक की पंडाल की छत के नीचे बड़ी संख्या में जोड़ों के विवाह का रिकॉर्ड दर्ज करने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी बारां पहुंचकर रिकॉर्ड का सत्यापन कर रही है। टीम में 300 से अधिक सदस्य बताए गए हैं सर्वधर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन के आयोजन को लेकर बड़े पैमाने पर व्यवस्थाओं को अंजाम दिया गया है। कोटा-बारां एनएच 27 पर 2000 बीघा पर विशाल मैदान बनाया गया है, यहां 70 बड़े डोम  बनाए गए हैं जहां सभी जोड़ों को एक साथ बैठाया जाएगा।


गायत्री परिवार के पंडित अग्नि के समक्ष फेरे दिलवाएंगे वही काजी समाज के जोड़ों का निकाह कराएंगे। इस विवाह में पांच लाख लोगों के मेहमान के रुप में आएंगे, जिसकी तैयारी एक महीने से चल रही है। छह हजार लोगों का स्टाफ खाने और अन्य जिम्मेदारी देख रहा है। इतना ही नहीं एक करोड़ लीटर पानी का बंदोबस्त करने के लिए पूरे इलाके में 17 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई गई है।


खाने में 800 क्विंटल बेसन की बरफी, 800 क्विंटल नुक्ती, 350 क्विंटल नमकीन बना ली गई है, बाकी चीजें हलवाई बना रहे हैं।  करीब पंद्रह सौ क्विंटल पूडी और सब्जी बननी है ।इसके लिए 1000 क्विंटल आटा लिया गया है, करीब तीन सौ क्विंटल स्टॉक अलग से है। देसी घी के 1250 टिन और मूंगफली तेल के 2500 टिन मंगाए गए हैं।  26 तारीख को भोजन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रखा गया है।


यह आयोजन इतना भव्य होगा इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि करीब तीस पंडाल खाना खिलाने के लिए बनाए गए हैं, जिसमें  करीब पचास हजार लोग एक साथ खाना खा सकते हैं। राजस्थान की सबसे बड़ी शादी में कई बड़े नेता और देशभर से प्रमुख जैन उद्योगपति भी भाग लेंगे, इसके तहत हेलीकॉप्टर के लिए भी हेलीपैड तैयार करवाए गए हैं। 
 

Content Writer

vasudha