भक्त हो तो ऐसा! 60 मीटर लंबी साड़ी में 32,200 बार लिख डाला ''जय श्री राम''

punjabkesari.in Friday, Apr 22, 2022 - 12:13 PM (IST)

एक राम भक्त ने ऐसी कलाकारी दिखाई जिसे देखते ही हर किसी के मुंह से यही निकला- "कमाल है"। 60 मीटर लंबी और 44 इंच चौड़ी सिल्क की साड़ी 32,200 बार  'जय श्री राम' लिखकर वाकई ही इस कलाकार ने कमाल कर दिखाया। खास बात यह है कि इस साड़ी में 13 भारतीय भाषाएं लिखी गई है।


हम जिस रामभक्त की बात कर रहे हैं उनका नाम है जुजारू नागराजू। वह आंध्र प्रदेश के धर्मावरम के एक बुनकर हैं, जिन्होंने अपनी कला के दम पर अनोखी रामभक्ति पेश की है। नागराजू द्वारा बनाई गई 60 मीटर लंबी और 44 इंच चौड़ी सिल्क की साड़ी में  13 भारतीय भाषाओं में 32,200 बार जय श्री राम बुना गया है।


 इस साड़ी का नाम ‘राम कोटि वस्त्रम’ दिया गया है, इसमें जय श्री राम लिखने के अलावा रामायण के सुंदरकांड से भगवान राम के 168 अलग अलग चित्र भी बनाए गए हैं। 4 महीने से अधिक समय में तैयार हुई इस साड़ी को बनाने में 16 किलो रेशम का कपड़ा लगा। पूरे चार महीने तीन लोग रोजाना कपड़ा बनाने का काम करते थे।

40 साल के नागराजू ने अपनी निजी बचत के डेढ़ लाख रुपये खर्च कर इस साड़ी को तैयार किया है और अब वह इसे अयोध्या के रामलला को उपहार स्वरूप देंगे। नागराजू ने हाथों से यह साड़ी बुनकर राम भक्ति का एक और बिरला उदाहरण पेश किया है।

Content Writer

vasudha