अपनी एक हरकत की वजह से 15 साल के साजिद पहुंचे थे जेल, Bipasha-Dia ने कहा था-बदतमीज इंसान!

punjabkesari.in Thursday, Jan 19, 2023 - 12:00 PM (IST)

बिग बॉस 16 में लंबा समय टिके रहने वाले साजिद खान भी अब बाहर हो गए हैं। साजिद खान जिन्हें लगातार शो से बाहर करने की डिमांड की थी लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं बिग बॉस में अपने अच्छे प्रदर्शन के चलते वह लंबा टिके रहे। साजिद खान एक बार फिर ट्रैंड में हैं हालांकि कई विवादों से उनका नाम जुड़ता रहा। साजिद खान जिन्होंने अपनी लाइफ में बहुत से उतार-चढ़ाव देखें। चलिए आज उनके और उनकी बहन फराह खान के स्ट्रगल की स्टोरी आपके साथ साझा करते हैं कि कैसे एक अमीर खानदान में होने के बावजूद उन्होंने गरीबी में दिन काटे हैं।

साजिद फिल्म निर्माता ,टीवी होस्ट और कोरियोग्राफर  और फिल्म निर्देशक फराह खान के भाई हैं।साल 23 नवंबर 1971 को मुंबई में ही साजिद का जन्म हुआ। उनके पिता का नाम कामरान खान और मां मेनका ईरानी है। शायद आपको पता ना हो फरहान और जोया अख्तर, साजिद-फराह के मौसेरे भाई बहन है। हनी ईरानी और मेनका ईरानी दोनों बहनें हैं। हनी जावेद अख्तर की पहली बीवी थी। साजिद ने स्कूलिंग मनेकजी कूपर (आई.सी.एस.ई) से की है, और अपनी स्नातक की पढ़ाई मुंबई के मीठीबाई कॉलेज से की है।  अभी साजिद 16 साल के ही थे जब उन्होंने पार्टीज और इवेंट्स में डीजे का काम शुरू कर दिया था।

एक अच्छे परिवार से होते हुए साजिद और उनकी बहन फराह खान ने काफी गरीबी में समय गुजारा है। एक रियलिटी शो में फराह ने बताया था कि उनके पास घर नहीं था। साजिद, वह और उनकी मां एक स्टोर रूम में 6 साल रहे हैं। दरअसल, साजिद सिर्फ 6 साल के थे जब उनके पेरेंट्स अलग हो गए। उनका बचपन बेहद गरीबी में बिता। उनके पिता भी एक फिल्म मेकर थे लेकिन उनकी फिल्में लगातार फ्लॉप होती गई। लगातार मिलती नाकामी के चलते वह शराब पीने के आदी हो गए। इसी के चलते उनका लीवर खराब हो गया। महज 14 साल की उम्र में साजिद ने अपने पिता को खो दिया था।


पिता के जाने के बाद उनकी जिंदगी में काफी दिक्कतें आई जिसका असर उनकी पढ़ाई पर भी पड़ा। साजिद पढ़ाई में ज्यादा अच्छे नहीं थे। 10वीं क्लास में वह तीन बार फेल हुए थे। इतना ही नहीं साजिद ने खुद बताया था कि वह 15 साल के थे जब वह जेल गए थे। ये किस्सा उन्होंने खुद शेयर किया था कि  'वो अपने फ्रेंड के साथ फिल्म देखने गए थे। फिल्म देखने के बाद वह घर लौट रहे थे, तभी उन्होंने दोस्त से कहा कि वह रेलवे ट्रैक के बीच से चलकर घर जाएंगे। इसके बाद हवलदार ने हम दोनों को पकड़ा। मैं भागा तो हवलदार ने डंडा मारा। हमें पूरी रात लॉक अप में रखा गया था। हालांकि, सुबह एक पुलिस अधिकारी आया और उसने हमारी बातों से इंप्रेस होकर हमें छोड़ दिया।'


हालांकि साजिद का मन फिल्म नगरी में ही था उन्होंने अपने करियर की शुरुआत दूरदर्शन के शो 'मैं भी डिटेक्टिव' से की थी। साल 1996 में उन्होंने म्यूजिकल काउंटडाउन शो 'इक्के पे इक्का' होस्ट किया था। इस शो का नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। साजिद ने अपने फिल्म निर्देशन की पारी फिल्म 'डरना जरुरी है' से की थी। साजिद ने 'हाउसफुल', 'हिम्मतवाला', 'हे बेबी' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर नाम कमाया। लेकिन नाम के साथ उन्हें इंडस्ट्री में बदनामी भी खूब मिली है। बॉलीवुड का यह मशहूर निर्देशक इंडस्ट्री में कॉन्ट्रोवर्सी किंग के नाम से जाना जाता है। इसका कारण उनके ऊपर लगे अनेक तरह के आरोप हैं। मी टू जैसे आरोपों ने साजिद के करियर को बड़ा झटका दिया।बहुत सी नामी एक्ट्रेस ने उनक पर शोषण के आरोप लगाए थे। इन आरोपों के चलते ही उन्हें 'हाउसफुल 4' के निदेशक की कुर्सी से हाथ धोना पड़ा था।


इतना ही नहीं बॉलीवुड की नामी एक्ट्रेसेस साजिद के अजीब व्यवहार पर बात कर चुकी हैं। बिपासा बसु ने एक बार कहा था कि साजिद खान का बिहेवियर सेट पर महिलाओं के प्रति बहुत ही अजीब होता है जो किसी को भी परेशान करेगा। साजिद गंदे जोक्स करते हैं और महिलाओं के प्रति वो असभ्य हैं। इतना ही नहीं दिया मिर्जा ने कहा था कि साजिद काफी बदतमीज किस्म का शख्स है और महिलाओं से भद्दे मजाक करने वाले व्यक्ति है। इसके अलावा उनका नाम जैकलीन फर्नांडीज से भी जुड़ा था। लंबे समय तक डेट करने के बाद दोनों ने ब्रेकअप कर लिया था, जिसका कारण साजिद का हद से ज्यादा पजेसिव होना बताया जाता है। खैर अब बिग बॉस 16 के सीजन में आकर साजिद ने अपनी बिगड़ी छवि ठीक करने की कोशिश की और अब यह कितनी सही हुई ये तो आने वाला समय ही बताएगा।
 

Content Writer

vasudha