महाभारत : द्रौपदी चीर हरण के सीन में हुआ कुछ ऐसा कि फूट-फूटकर रोई थी रूपा गांगुली

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2020 - 09:40 AM (IST)

लॉकडाउन की वजह से टीवी पर आज कल पुराने सीरीयल आ रहे है जो कि लोगों का खूब मनोरंजन कर रहे है। रामानंद सागर की रामायण और महाभारत को लोग जितना पहले चाव से देखते थे उतना ही वह इनको आज भी पंसद कर रहे है। ऐसे में पुराने शो आते ही स्टार्स को इन सीरियल से जुड़े कुछ पुराने किस्से भी याद आ गए। बीआर चोपड़ा के निर्देशन में बनी महाभारत भारतीय टीवी इतिहास के सबसे कामयाब शोज में से एक है।

बात करें महाभारत की तो उसके कलाकारों ने लोगों का खूब दिल जीता। द्रौपदी का किरदार महाभारत में रूपा गांगुली ने निभाया था इस किरदार के लिए उन्होंने कड़ी से कड़ी मेहनत की। वहीं जहां बात द्रौपदी चीर हरण के सीन की हो तो बी आर चोपड़ा का हमेशा ये मानना था कि अगर द्रौपदी का चीर हरण नहीं हुआ होता तो महाभारत ही नहीं होती क्योंकि असल में महाभारत के दौरान ये सब हुआ था, जिसके कारण इसे दिखाना जरूरी भी था और साथ ही टीम पर इस बात का प्रेशर भी था कि लोगों तक कैसे रियल फीलिंग्स से इस घटना को पहुंचाने कि कोशिश की जाए।

वहीं ये सीन करने के बाद रूपा गांगुली बेहद रोई थी। दरअसल इस सीन के शूट से पहले बी आर चोपड़ा ने रूपा को बुलाया और समझाया कि अगर किसी महिला को बालों से पकड़ कर भरी सभा में लाया जाए और फिर उसके सारे कपड़े उतारने की कोशिश की जाए तो उसकी हालत कैसी होगी, और रूपा को उसी मूड में जाने के लिए कहा गया। 

जब ये सीन शूट हुआ तो हर किसी के मन में यही बात थी एक बार में ये सीन शूट नही हो पाएगा लेकिन रूपा ने इसे एक ही शॉट में परफेक्ट किया और द्रौपदी के चीर हरण का सीक्वेंस इतना दर्दनाक था कि रूपा गांगुली रोने लगी थीं, वह सेट पर इतना रोईं कि मेकर्स और बाकी की स्टार कास्ट को उन्हें चुप कराने में ही आधा घंटा लग गया था। इस शूट के लिए मेकर्स ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड वालों से बात करके 250 मीटर की साड़ी की व्यवस्था करवाई थी जो पूरी एक ही ट्रेल में थी। 

वहीं ये शो लोग आज भी पंसद कर रहे है और उसे उतना ही प्यार दे रहे है।

Content Writer

Anjali Rajput