कोरोना वायरसः मदद के लिए आगे आया श्री सत्य साई सेवा संगठन, गरीबों को बांट रहा राशन

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2020 - 04:24 PM (IST)

जालंधर, (वंदना डालिया): दुनियाभर में फैली कोरोना वायरस महामारी से बचने के लिए कई देशों ने लाकडाऊन कर लोगों को सोशल डिस्टेंसिग बनाए रखने की अपील की ताकि इस भंयकर बीमारी की चैन को तोड़ा जा सके। उन देशों में भारत भी शामिल है। लॉकडाऊन की स्थिति में खाने की मुसीबत सबसे बड़ी है। बहुत से गरीब परिवार खासतौर पर मजदूर-दिहाड़ीदार लोग दो वक्त की रोटी के लिए जद्दो-जहद करने को मजबूर हैं। ऐसे लोगों की मदद के लिए सरकार ने भोजन व्यवस्था का ऐलान किया है, वहीं कई समाज सेवी संस्थाएं भी ऐेसे लोगों की मदद के लिए आगे आ रही हैं और उन्हें खाने की जरुरी सामग्री वितरित करवाने का जिम्मा उठा रही हैं। पंजाब की श्री सत्य साई सेवा संगठन भी पिछले कई सालों से समाज सेवा कार्यों में जुटी हुई है। संस्था जालंधर के अलावा पंजाब के कई अन्य शहरों में निरंतर अपनी सुविधाएं प्रदान कर रही है।

श्री सत्य साई बाबा सन्देश

यहां केवल एक ही धर्म है, प्रेम का धर्म...
यहां केवल एक ही जाति है, मानवता की जाति...
यहां केवल एक ही भाषा है, हदय की भाषा...
यहां केवल एक ही भगवान हैं, वे सर्वत्र विद्यमान हैं।

जालंधर के फोकल प्वाइंट एरिया में बांटा गरीबों को राशन
 
जालंधर के फोकल प्वाइंट एरिया में साई सेवा संगठन ट्रस्टी तरविंदर कुमार सोई ने पंजाब पुलिस अधीक्षक गगनेश कुमार के सहयोग से स्लम एरिया में करीब 200 परिवारों को राशन में जरूरी वस्तुएं जैसे आटा, चावल, तेल, दूध बिस्कुट के पैकेट बांटे। इन राशन के पैकेट्स में करीब 15 दिनों के भोजन की व्यवस्था की गई है। 

वंचित स्थानों पर भोजन मुहैया करवा रही है संस्था

मानव सेवा ही माधव सेवा है, का संदेश देने वाली संस्था श्री सत्य साई सेवा इस मुश्किल की घड़ी में गरीबों की मदद के लिए अग्रसर खड़ी है। जालंधर से सटे गांव सुच्ची पिंड, लद्देवाली जैसी जगहें जहां ज्यादातर लोग भोजन से वंचित हैं, संगठन वहां जरूरी सामग्री पहुंचाने के कार्यों में जुटा है। आने वाले दिनों में संगठन द्वारा ऐसी मदद जारी रहेगी।

Content Writer

Vandana