‘महाभारत’ के  ये 10 कलाकार जो दुनिया छोड़ गए, कुछ की मौत थी बेहद दर्दनाक, कुछ 37 साल से गुमनाम

punjabkesari.in Thursday, Oct 16, 2025 - 11:41 AM (IST)

नारी डेस्क: बी.आर. चोपड़ा के कालजयी धारावाहिक ‘महाभारत’ ने भारतीय टेलीविज़न के इतिहास में एक ऐसी जगह बनाई, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस शो के हर किरदार ने लोगों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी। लेकिन 37 साल बाद आज इनमें से कई चेहरे हमारे बीच नहीं हैं। किसी की मौत बीमारी से हुई, कोई अकेलेपन में चला गया, तो कुछ कलाकार आज गुमनाम जिंदगी जी रहे हैं।

 ‘कर्ण’ पंकज धीर का निधन – कैंसर से जूझते रहे आखिरी वक्त तक

‘महाभारत’ में कर्ण का किरदार निभाने वाले पंकज धीर का हाल ही में 15 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया। 68 वर्षीय पंकज धीर लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। ‘कर्ण’ के रूप में उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया था। उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि करनाल और बस्तर में उनके मंदिर बनवाए गए, जहां लोग उनकी प्रतिमा की पूजा तक करते थे।

‘शकुनि मामा’ गूफी पेंटल की 2023 में मौत

‘महाभारत’ के सबसे चालाक किरदार शकुनि मामा को जीवंत करने वाले गूफी पेंटल का 2023 में निधन हो गया। उन्हें दिल और किडनी की गंभीर बीमारी थी। गूफी ने न सिर्फ ‘शकुनि मामा’ का रोल निभाया, बल्कि शो के सभी किरदारों की कास्टिंग भी उन्होंने ही की थी। उनका जाना इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति थी।

 ‘इंद्र देव’ सतीश कौल – वृद्धाश्रम में हुई दर्दनाक मौत

कभी पंजाबी सिनेमा के सुपरस्टार रहे सतीश कौल ने ‘महाभारत’ में देवराज इंद्र का किरदार निभाया था। लेकिन उनकी जिंदगी के आखिरी दिन बेहद तकलीफदेह रहे। पत्नी उन्हें छोड़कर चली गईं, परिवार का कोई साथ नहीं था, और वह आर्थिक तंगी में वृद्धाश्रम में अकेले रहते हुए चल बसे। कहा जाता है कि उनकी दवाइयों तक के पैसे नहीं थे।

 ‘कंस’ गोगा कपूर – बीमारियों ने ली जान (2011)

70-80 के दशक के मशहूर विलेन गोगा कपूर ‘महाभारत’ में ‘कंस’ के किरदार में नजर आए थे। उनका साल 2011 में गंभीर बीमारियों के कारण निधन हो गया। 70 वर्ष की आयु में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनकी आवाज़ और डायलॉग डिलीवरी आज भी लोगों के जेहन में जिंदा है।

‘भीम’ प्रवीण कुमार सोबती – हार्ट अटैक से निधन (2022)

‘महाभारत’ के ‘भीम’ के रूप में मशहूर प्रवीण कुमार सोबती का 2022 में 74 साल की उम्र में निधन हुआ। वे पहले एक राष्ट्रीय स्तर के एथलीट थे और भारत के लिए कई मेडल जीत चुके थे। बाद में उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। लंबे समय से स्पाइनल प्रॉब्लम और बीमारियों से जूझते हुए उन्हें हार्ट अटैक आया और उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

 ‘कृपाचार्य’ धर्मेश तिवारी और ‘विदुर’ वीरेंद्र राजदान अब नहीं रहे

‘कृपाचार्य’ का रोल निभाने वाले धर्मेश तिवारी का 2014 में निधन हो गया था। वहीं ‘विदुर’ बने वीरेंद्र राजदान 2003 में इस दुनिया को छोड़कर चले गए। दोनों ही कलाकारों ने अपने किरदारों को इतना गहराई से निभाया कि वे हमेशा याद किए जाएंगे।

 नंद’ रसिक दवे – किडनी फेलियर से निधन (2022)

‘महाभारत’ में ‘नंद’ के किरदार में नजर आए रसिक दवे 2022 में किडनी फेलियर के कारण चल बसे। वे अभिनेत्री केतकी दवे के पति थे और लोकप्रिय स्टार सरिता जोशी के दामाद। रसिक थिएटर और टीवी दोनों में सक्रिय थे और इंडस्ट्री में उनकी अपनी अलग पहचान थी।

 ‘वेद व्यास’ राजेश विवेक – 2016 में हार्ट अटैक से मौत

‘लगान’ और ‘स्वदेश’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाले राजेश विवेक ने ‘महाभारत’ में वेद व्यास का किरदार निभाया था। साल 2016 में 66 वर्ष की आयु में हार्ट अटैक से उनका निधन हुआ। उनके शांत और ज्ञानपूर्ण अभिनय ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी थी।

 ‘कुंती’ से ‘नकुल-सहदेव’ तक कई कलाकार गुमनाम हो गए

37 साल बाद ‘महाभारत’ के कई कलाकार अब गुमनाम जिंदगी जी रहे हैं। ‘कुंती’ बनी नाजनीन, ‘रोमा मानेक’, ‘चांदनी शर्मा’, ‘समीर चित्रे’ और ‘सहदेव’ जैसे सितारे अब लाइमलाइट से पूरी तरह दूर हैं। वहीं ‘अभिमन्यु’ बने मयूर अब यूके में अपने रेस्टोरेंट की चेन चला रहे हैं।

 शकुंतला’ आशालता वाबगांवकर की कोरोना से हुई मौत (2020)

वयोवृद्ध अभिनेत्री आशालता वाबगांवकर, जिन्होंने ‘महाभारत’ में शकुंतला का किरदार निभाया था, का 2020 में कोरोना संक्रमण के दौरान निधन हो गया। उस वक्त वे मराठी सीरियल ‘आई माजी कालूबाई’ की शूटिंग कर रही थीं। 79 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली।

37 साल बाद भी यादों में जिंदा ‘महाभारत’

‘महाभारत’ के ये कलाकार भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके निभाए किरदार आज भी भारत के हर घर की स्मृतियों में बसे हैं। उनका योगदान न केवल भारतीय टेलीविज़न बल्कि हमारी संस्कृति और भावनाओं का हिस्सा बन चुका है।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static